Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

राज्य में कोरोना से 13वीं मौत, अब तक 1898 पॉजिटिव केस; संक्रमित मरीजों में से 1249 हो चुके स्वस्थ

राज्य में एक और कोरोना के मरीज की मौत हुई है। यह राज्य में कोरोना से 13वीं मौत है। मरीज के मौत के बाद गुरुवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक कोरोना संदिग्ध मरीज की मौत बुधवार को सुबह हो गई थी। 48 वर्षीय यह मरीज इचाक प्रखंड के मंगुरा गांव का रहने वाला था। वह मुंबई में टैक्सी ड्राइवर था और 14 जून काे परिवार के साथ घर लाैटा था। 15 जून काे तबीयत बिगड़ने पर वह एचएमसीएच पहुंचा। उसे आइसाेलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया था। 17 जून काे सांस लेने में तकलीफ के बाद उसे ऑक्सीजन लगाया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसने दम ताेड़ दिया।

राज्य में अब तक 1898 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। राहत की बात है कि इनमें 1249 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। यानी राज्य में अलग-अलग जिलों में कुल 649 एक्टिव केस हैं जिनका कोविड-19 अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं राज्य के 24 जिलों में से पांच जिले अब कोरोना मुक्त हो चुके हैं। इनमें दुमका, देवघर, धनबाद, गोड्डा और साहेबगंज जिला शामिल है। 

सचिव का आग्रह… झारखंड को दान में दें 5 ट्रूनेट मशीन
राज्य में कोरोना महामारी से निपटने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में कोरोना जांच में तेजी आए, इसके लिए कॉरपोरेट कंपनियों और दानदाताओं की मदद ली जा रही है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने राज्य में कोरोना जांच सुविधा बढ़ाने के लिए पांच ट्रूनेट मशीन डोनेट करने के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन को पत्र लिखा है। जिसमें कहा है कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मेडिकल इक्वीपमेंट की आवश्यकता है, ताकि कोरोना से पीड़ित मरीजों को लाइफ सपोर्ट उपलब्ध कराया जा सके। ये मशीनें रांची के अलावा, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिले में लगाई जाएंगी। बता दें कि राज्य में 30 ट्रूनेट मशीनें खरीदी गई हैं। सभी जिला अस्पतालों में इस मशीन से संदिग्ध कोरोना मरीजों की जांच की जा रही है। 

उधर, राज्य में बुधवार को कोरोना के 57 नए मामले सामने आए। इनमें पूर्वी सिंहभूम के छह, गुमला के एक, रामगढ़ के दो, हजारीबाग के 19, रांची के दो, कोडरमा के 24 और लोहरदगा के तीन संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए मरीजों के मिलने के बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1897 हो गई है। कुल मरीजों में 1249 स्वस्थ हो चुके हैं। यानी राज्य में अब 649 एक्टिव केस हैं।

रांची के सिल्ली में बुधवार को सरकारी स्कूलों के दूसरी से आठवीं क्लास तक के बच्चों ने घर बैठे परीक्षा दी। परीक्षा के लिए बच्चों के घर में सिलेबस से जुड़े प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका पहुंचाई गई थी। इसके बाद बच्चों से परीक्षा ली गई। बच्चों ने परीक्षा लिख कर 12 बजे उत्तरपुस्तिका जमा भी करा दिया। अब बीआरसी स्तर में कॉपी का मूल्यांकन होगा।

राज्य के छह जिलों में सिंगल डिजिट में एक्टिव केस
राज्य के कुल 24 संक्रमित जिलों में से पांच कोरोना मुक्त हो चुके हैं जबकि छह ऐसे जिले हैं जिनमें अब सिंगल डिजिट में कोरोनावायरस के एक्टिव केस बचे हुए हैं। यानी ये छह जिले भी जल्द ही कोरोना मुक्त हो जाएंगे। इन जिलों में बोकारो में तीन, गिरिडीह में सात, खूंटी में छह, लातेहार में आठ, लोहरदगा में नौ, पलामू में एक कोरोना का एक्टिव केस बचा हुआ है। यानी छह जिलों में 34 एक्टिव केस हैं जो जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे।

राज्य के सभी 24 जिलों में पहुंच चुका है कोरोना संक्रमण 
कोरोनावायरस का संक्रमण राज्य के सभी 24 जिलों तक पहुंच चुका है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1898 है। इनमें बोकारो के 29, चतरा के 41, देवघर के 10, धनबाद के 114, दुमका के चार, पूर्वी सिंहभूम के 277, गढ़वा के 91, गिरिडीह के 54, गोड्डा के एक, गुमला के 91, हजारीबाग के 153, जामताड़ा के 28, खूंटी के 22, कोडरमा के 152, लातेहार के 52, लोहरदगा के 44, पाकुड़ के 29, पलामू के 45, रामगढ़ के 112, रांची के 186, साहेबगंज के तीन, सरायकेला के 36, सिमडेगा के 270 और पश्चिमी सिंहभूम के 53 मरीज शामिल हैं।

अब तक राज्य में 13 संक्रमितों की मौत
राज्यभर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 13 है। इनमें रांची के छह, बोकारो के दो जबकि गुमला, हजारीबाग, सिमडेगा, कोडरमा और गिरिडीह में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है। प्रशासन राज्य में रिटायर्ड डीडीसी और बंगाल के एक मजदूर की मौत को अपने आंकड़े में शामिल नहीं किया है।

राज्य में अब तक 1249 मरीज हो चुके हैं स्वस्थ
राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों में कुल 1249 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें बोकारो के 24, चतरा के 21, देवघर के 10, धनबाद के 114, दुमका के चार, पूर्वी सिंहभूम के 123, गढ़वा के 93, गिरिडीह के 45, गोड्डा के एक, गुमला के 53, हजारीबाग के 115, जामताड़ा के दो, खूंटी के 16, कोडरमा के 64, लातेहार के 44, लोहरदगा के 31, पाकुड़ के 16, पलामू के 44, रामगढ़ के 69, रांची के 132, सरायकेला के 18, साहेबगंज के तीन, सिमडेगा के 178 और पश्चिमी सिंहभूम के 28 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

राज्य में कुल संक्रमितों में 1536 प्रवासी
राज्य के कुल कोरोनावायरस संक्रमितों में 1536 लोग प्रवासी हैं। इनमें बोकारो के 11, चतरा के 35, देवघर के 06, धनबाद के 106, दुमका के चार, पूर्वी सिंहभूम के 204, गढ़वा के 85, गिरिडीह के 47, गुमला के 86, हजारीबाग के 127, जामताड़ा के 26, खूंटी के 22, कोडरमा के 126, लातेहार के 51, लोहरदगा के 40, पाकुड़ के 28, पलामू के 41, रामगढ़ के 107, रांची के 28, साहेबगंज के तीन, सरायकेला के 34, सिमडेगा के 266 और पश्चिमी सिंहभूम के 53 प्रवासी शामिल हैं।