Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

प्रदेश में 24 घंटे रहेगा मानसून, रायपुर समेत कई जगह भारी बारिश के आसार

प्रदेश के कुछ हिस्से में अगले 24 घंटे में मानसून काफी सक्रिय रहेगा, इसलिए भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। कहीं-कहीं अतिभारी बारिश भी हो सकती है। लेकिन राजधानी समेत मैदानी इलाकों में हल्की या मध्यम वर्षा के ही आसार हैं। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन इलाकों में भारी वर्षा होगी, वहां तूफानी हवा भी चल सकती है। प्रदेश में मानसून सक्रिय है। 
छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती राज्यों तथा देश के कुछ हिस्सों में सिस्टम बने हुए हैं। इन सिस्टम से मानसूनी बादल रविवार रात से प्रदेश में दाखिल होंगे। यही वजह है कि राज्य में कहीं-कहीं पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। 
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले 24 घंटे यानी सोमवार रात तक बस्तर तथा सरगुजा के अधिकांश क्षेत्रों में 10 सेमी से ज्यादा बारिश संभव है। राजधानी रायपुर और लगे हुए मैदानी शहरों में अच्छी बारिश के आसार हैं, हालांकि यहां के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 

संचित है 350 एमएम पानी
मौसम विभाग के मॉडलों के अनुसार अगले तीन दिनों में यानी बुधवार तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में काफी ज्यादा बारिश होने की संभावना है। बादलों में लगभग साढ़े तीन सौ मिमी या उससे अधिक तक बारिश इकट्ठा हो सकती है।
 जैसे गंडई में 365 मिमी संचित वर्षा है। इसी तरह खैरागढ़ में 366, अंतागढ़ में 347, दुर्ग में 240, कांकेर 177, धमधा में 164, पेंड्रा में 125 तथा रायपुर में 119 मिमी तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग 24 घंटे, 48 घंटे, तीन दिन, पांच दिन और 10 दिनों की संचित वर्षा का आंकलन करता है। संचित वर्षा यानी बादलों के इकट्ठा होने और उसमें पानी की मात्रा के आधार पर अनुमान लगाया जाता है कि किसी क्षेत्र में कितनी वर्षा हो सकती है।

ये सिस्टम सक्रिय: लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार उत्तर पंजाब से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश, झारखंड और उत्तर तटीय उड़ीसा तक 2.1 किलोमीटर ऊंचाई पर एक द्रोणिका है। उत्तर अंदरूनी ओडिशा के ऊपर 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक एक चक्रवात है। दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर एक चक्रवात है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक इन सिस्टम के प्रभाव से बारिश होगी। 

दुर्ग में सबसे ज्यादा हुई बारिश 

शहर    अिधकतम    न्यूनतम    बारिश(मिमि)
बिलासपुर     27.4     23.2     23.6 
पेण्ड्रारोड     26.4     20.8     3.2 
अंबिकापुर     27.3     21.2     36.4 
जगदलपुर     27.7     20.3     14.9 
दुर्ग     31.6    22.6     63.2