Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

CG 10 साल की मेहनत लाई रंग, वैज्ञानिकों ने तैयार किया बड़ा और गुणवान लहसुन

देशभर में धान का कटोरा के नाम से प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ अब लहसुन की नई प्रजाति से दोहरी पहचान बनाता दिख रहा है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के वैज्ञानिकों ने दस साल के कड़े शोध के बाद लहसुन की नई प्रजाति विकसित की है। ‘छत्तीसगढ़ लहसुन-1’ नाम की इस नई प्रजाति का न केवल आकार बड़ा है, बल्कि इसकी पैदावार भी सामान्य लहसुन से ज्यादा है। करीब दो गुनी पैदावार देने वाला छत्तीसगढ़ी लहसुन भी अब साबित करेगा कि छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।

सब्जी विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण शर्मा के अनुसार राज्य की जलवायु लहसुन के अनुकूल नहीं है। इसके चलते किसानों को खेती में खास फायदा नहीं होता था। छत्तीसगढ़ में लहसुन की खेती को बढ़ावा देने के लिए करीब दस साल पहले लहसुन की नई प्रजाति पर रिसर्च शुरू किया गया।

इसमें से सात वर्षों तक उत्परिवर्तन (म्यूटेशन) पद्घ्‌ति से लहसुन की नई किस्म तैयार करने का प्रयास शुरू किया गया। कुल दस साल के रिसर्च के बाद लहसुन की नई किस्म ‘छत्तीसगढ़ लहसून-1’ तैयार करने में सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ राज्य उपसमिति से इस नई प्रजाति को स्वीकृति भी मिल गई है। अब इसे राष्ट्रीय स्तर पर अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।

छत्तीसगढ़ लहसुन-1 की खासियत

लहसुन की प्रचलित प्रजातियों की जहां एक हेक्टेयर में 40 से 50 क्विंटल पैदावार होती है, वहीं नई प्रजाति की पैदावार 80 से 95 क्विंटल है। नई प्रजाति की गांठ का साइज भी 4.30 सेमी है, जबकि अन्य प्रजातियों का लहसुन ज्यादा से ज्यादा 4.0 सेमी व्यास का होता है।

एंटी ऑक्सीडेंट और बैक्टीरिया रोधी गुण

लहसुन में प्रोटीन, वसा, खनिज के अलावा विटामिन ए, बी, सी एवं सल्फ्यूरिक एसिड विशेष मात्रा में होता है। इसके अलावा सैपोनिन, फ्लैवोनाइट, ऐलीसिन भी इसमें होता है। लहसुन को एक अच्छा बैक्टीरिया-रोधक, फफूंद-रोधक एवं एंटी-ऑक्सीडेंट माना जाता है।

सात साल रिसर्च टीम ने इथाइल, मीथेन, संफोनेट रासायन का लहसुन के पौधों पर प्रयोग किया। इससे पौधे डीएनए में बदलावा किया गया। इन पौधों को पांच साल तक इस प्रक्रिया के माध्यम से परखा गया। इसके बाद नई किस्म तैयार हुई।

इनका कहना है

स्थानीय लहसुन की किस्म तैयार करने में कई वर्षों से जुटे कृषि वैज्ञानिकों को सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ लहसुन-1 किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित होगी।