Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

दिन में तापमान बढ़ेगा, रात में ठंडक रहेगी

15 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ते ही ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा।

12 Dec 2023

जबलपुर : मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है, लेकिन इस मौसम प्रणाली की आवृत्ति कमजोर रहने के कारण इसका प्रदेश के मौसम पर असर कम ही पड़ने के आसार हैं। दिन में आंशिक रूप से तापमान बढ़ा सकता है, लेकिन रात में ठंडक कायम रहेगी। वहीं 15 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ते ही ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा। तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। बहरहाल सोमवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री बढ़कर 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया वहीं न्यूनतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बादलों ने लगाया ठंड पर पहरा फिर भी सिहराती ही सर्द हवा

चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर खत्म होने के साथ ही सर्दी ने असर दिखाया ही था कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ती ठंड की रफ्तार धीमी कर दी। उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार को धूप के साथ हल्के बादल भी छाए रहे। बादलों की आवाजाही दिन भर बनी रही। मौसम प्रणालियों के प्रभावित होने से हवा का रुख भी बदला रहा उत्तर की जगह तीन से चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवा चली, जिससे दिन के तापमान में तो आंशिक रूप से बढ़ोतरी दर्ज की गई हालांकि रात में ठंड का असर बना रहा।