Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

देश में Corona मरीजों की संख्या 22 लाख के पार, 63000 से ज्यादा नए केस

देश में एक तरफ कोरोना के खिलाफ जंग जारी है वहीं दूसरी तरफ इसके संक्रमितों की संख्या भी कम होने का नाम नहीं ले रही। रोजोना 50 हजार से ज्यादा मरीज सामने आरहे हैं और इसके कारण देश में कुल मरीजों की संख्या 22 लाख से ज्यादा हो गई है। वहीं दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ के पार चली गई है। सबसे ज्यादा अमेरिका में 52 लाख केस सामने आए हैं। भारत में कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए पिछले चौबीस घंटे के दौरान रिकॉर्ड सात लाख नमूनों की जांच की गई है। इस दौरान 63 हजार से ज्यादा नए मामले भी सामने आए और रिकॉर्ड 55 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हुए।

कुल संक्रमितों का आंकड़ा 22 लाख को पार कर गया है। जबकि, 44 हजार से ज्यादा लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है और 15 लाख से अधिक मरीज ठीक भी हुए हैं। नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने कहा है कि ऐसा लगता है कि देश नए मामलों की विस्फोटक स्थिति से बच गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों के आंकड़ों से नए मामलों में स्थिरता आने का पता चल रहा है। मंत्रालय ने कहा है कि बड़ी संख्या में जांच होने से ही अधिक संख्या में संक्रमित मामले मिल रहे हैं। राज्यों को मरीजों का पता लगाने, उन्हें आइसोलेट करने और उनका तुरंत इलाज शुरू करने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य स्त्रोतों से रात 10 बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक शनिवार देर रात से अब तक 63,623 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 22 लाख नौ हजार 501 पर पहुंच गया है। इस दौरान 55,931 मरीज ठीक हुए हैं, जो एक दिन में स्वस्थ होने वाले मरीजों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही स्वस्थ हुए कुल संक्रमितों की संख्या 15 लाख 25 हजार 215 हो गई है। सक्रिय मामले छह लाख 39 हजार 907 रह गए हैं। इस महामारी से अब तक कुल 44,379 लोगों की जान भी जा चुकी है। रविवार को देशभर में 995 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 390 मौतें शामिल हैं। इसके अलावा तमिलनाडु में 119, आंध्र प्रदेश में 97, बंगाल में 54, उत्तर प्रदेश में 41, गुजरात में 25, मध्य प्रदेश में 19, जम्मू-कश्मीर व दिल्ली में 13-13, राजस्थान में 11, पंजाब व हरियाणा में नौ-नौ, गोवा में तीन और केरल में दो मौतें हुई हैं। पिछले चौबीस घंटे के दौरान देशभर में जो कुल 63,623 नए मामले सामने आए हैं, उनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 12,248 मामले शामिल हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 10,820, तमिलनाडु में 5,994, उत्तर प्रदेश में 4,571, बंगाल में 2,939, दिल्ली में 1,300 और गुजरात में 1,078 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक पांच लाख 15 हजार 332, तमिलनाडु में दो लाख 96 हजार 901, उत्तर प्रदेश में एक लाख 22 हजार 609, बंगाल में 95 हजार 554, दिल्ली में एक लाख 45 हजार 427 और गुजरात में 71 हजार 64 संक्रमित अब तक मिल चुके हैं