Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

देश में दिल्ली में बारिश का अलर्ट, लगातार बरसते पानी से कई राज्यों में बाढ़ की आशंका

जुलाई महीने में बेरुखी दिखाने के बाद अब अगस्त महीने में मानसून देश पर मेहरबान हो रहा है। राजधाननी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ के हालात बने गए हैं। राजधानी दिल्ली में बुधवार से ही हो रही लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। वहीं उत्तराखंड में भी भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। पहाड़ों और कुछ मैदानी इलाकों में लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने बुधवार को चेतावनी जारी कर देश के कई भागों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के हवाले से केंद्रीय जल आयोग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान के पूर्वी क्षेत्र, मध्य प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में बारिश से बाढ़ का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़, राजस्थान के सीकर, जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, करई, बारां, टोंक, मध्य प्रदेश के श्योपुर और शिवपुरी में तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं हिमाचल में चंबा सहित कई स्थानों पर भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। लगातार हो रही बारिश से कुमाऊं में दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं, जबकि गढ़वाल में भी बारिश और भूस्खलन से काफी नुकसान हो रहा है। बुधवार को पिथौरागढ़ जिले में जोरदार बारिश हुई। जिससे अस्कोट-कर्णप्रयाग मार्ग पर बेरीनाग व थल के मध्य सड़क धंस गई। थल-पांखू मार्ग पर रपटे में एक पिकअप वाहन बह गया। कई जगह भूस्खलन के कारण नुकसान हुआ है। बदरीनाथ क्षेत्र के 14 गांवों में दो दिन से विद्युत आपूर्ति ठप है। हालांकि, केदारनाथ हाईवे पांच दिन बाद सुचारू हो गया है, लेकिन प्रदेश में अब भी करीब 65 मार्गों पर आवाजाही बंद है।