Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

अभी नहीं खुला धान क्रय केंद्र तो बंगाल-ओडिशा के महाजन आ जाएंगे

झारखंड स्थित पूर्वी सिंहभूम जिला के घाटशिला अनुमंडल में बहरागोड़ा प्रखंड पड़ता है। यह इलाका पश्चिम बंगाल व ओडिशा दोनों से सटा हुआ है। ऐसे में इस बात की संभावना बनी रहती है कि यहां के किसान बंगाल या ओडिशा जाकर धान बेच देते हैं।

इन्हीं सब वजहों से यहां के कांग्रेसी चिंतित हैं, क्योंकि पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अभी तक सरकारी धान क्रय केंद्र नहीं खोला है। बहरागोड़ा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रखंड अध्यक्ष सनत कुमार भोल के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजेश कुमार साहू से पूछा कि सर, सरकार धान क्रय केंद्र कब खोलेगी। बीडीओ को ज्ञापन सौंपते हुए प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसान की समस्याओं को देखते हुए धान क्रय केंद्र खोलने की मांग की गई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सरकार द्वारा लैंपस के माध्यम से किसानों का धान खरीदने की व्यवस्था की जाए। वर्तमान समय में धनकटनी जोर-शोर से चल रही है। सप्ताह भर में धान की कटनी खत्म हो जाएगी। ऐसी परिस्थिति में अभी तक सरकार के स्तर से लैंपस में धान क्रय केंद्र नहीं खुलने के कारण किसान कम दाम में धान बेचने पर मजबूर हो जाएंगे। इसका फायदा बिचौलियाें को मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए सरकारी नियम के अनुसार सरकारी क्रय केंद्र से धान खरीदने की अविलंब शुरुआत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा प्रखंड में पश्चिम बंगाल और ओडिशा के महाजन गांव के लोगों से बिचौलिया के माध्यम से किसानों का कम मूल्य पर धान खरीद कर ले जाते हैं, जिससे किसानों को काफी नुकसान होता है।