Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत भवन में आज नहीं बटेंगे बनहौरा में बनने वाले प्रधानमंत्री शहरी आवास

राजधानी रांची के बनहौरा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 175 फ्लैट मंगलवार को रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत भवन में बांटे जाने थे। इन फ्लैट के आवंटन का काम यहां पर होना था। आवंटन के लिए लाटरी निकाली जानी थी। मगर रांची नगर निगम ने आज यह कार्यक्रम रद कर दिया है। अब नगर निगम आवास आवंटन के लिए लाटरी के कार्यक्रम की तारीख बाद में तय करेगा। नगर निगम द्वारा एन वक्त पर कार्यक्रम रद कर दिए जाने से आवेदकों में मायूसी है। नगर निगम ने कार्यक्रम रद होने की जानकारी पहले से आवेदकों को भी नहीं दी थी। बस इसमें शामिल होने वाले अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों को फोन कर इसकी जानकारी दे दी गई है कि कार्यक्रम रद हो गया है। नगर निगम पहले भी जनता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को आयोजित करने के बाद ऐन वक्त पर रद कर चुका है। इससे जनता को दिक्कत होती है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी यह जिम्मेदारी भी नहीं समझते कि जब उन्होंने पहले से जनता को इसकी सूचना दी है तो कार्यक्रम के रद होने की भी जानकारी जनता को दी जानी चाहिए। गौरतलब है कि बनहोरा में चार मंजिला 175 फ्लैट का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण की प्रक्रिया शुरू है। बनहोरा में आवास लेने के लिए जिन लोगों ने आवेदन किया है उनकी लाटरी निकाली जानी है। लॉटरी में नाम आने के बाद भाग्यशाली आवेदकों को ही फ्लैट आवंटित किए जाएंगे। यह फ्लैट उन्हीं आवेदकों को दिए जाएंगे जिन्होंने अपने आवेदन के साथ 17 जून, 2015 से पहले से रांची में रहने का दस्तावेज दिया है। लाभुक का देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए। आवेदकों को साढ़े चार लाख से साढ़े पांच लाख रुपये तक देने होंगे। इसके लिए उन्हें बैंक से लोन दिलाया जाएगा।