Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

झारखंड में फिर मिले 274 कोरोना पॉजिटिव, 195 स्वस्थ; जानें ताजा हाल

झारखंड में हाल के दिनों में लगातार नए संक्रमित मिलने से अधिक पुराने मरीज स्वस्थ हो रहे थे। इससे लगातार सक्रिय मामलों की संख्या घट रही थी, लेेकिन पिछले तीन दिनों से सक्रिय मामले बढ़ रहे हैं। ऐसा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने से अधिक नए मामले मिलने से हो रहा है। शुक्रवार को राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1,609 से बढ़कर 1,687 हो गई।

शुक्रवार को राज्य के विभिन्न जिलों में 17,347 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 274 संक्रमित पाए गए। एक बार फिर शहरी क्षेत्रों रांची, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो तथा धनबाद में अधिक मरीज मिले। रांची में लगातार 90 से 100 के बीच नए संक्रमित मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी यहां 98 नए संक्रमित मिले। हालांकि यहां इतने ही मरीज स्वस्थ भी हुए।

पूर्वी सिंहभूम में 36, रामगढ़ में 31, धनबाद में 25 तथा बोकारो में 12 नए संक्रमित मिले। राहत की बात है कि कोडरमा, लातेहार, पाकुड़ तथा सिमडेगा में कोई नया संक्रमित नहीं मिला। अन्य जिलों में दस या इससे कम संक्रमित मिले हैं। इधर, राज्य के विभिन्न जिलों में 195 मरीज स्वस्थ भी हुए, जबकि दुमका में एक कोरोना मरीज की मौत हो गई। नए संक्रमित की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 1,687 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले 1,12,606 हो गए हैं, जिनमें 1,09,891 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।