Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

दक्षिण चीन सागर में अमेरिकी युद्धक पोत, चीन ने कहा-भड़काउ है अमेरिका की ये सैन्य गतिविधि

वाशिंगटन (आइएएनएस)। अमेरिका की तरफ से एक युद्धक पोत बीजिंग के दावे वाले दक्षिण चीन सागर के द्वीपीय श्रंखला से 12 समुद्री मील की दूरी पर तैनात किया गया है। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के हवाले से सीएनएन ने बताया। अमेरिका की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि अमेरिकी नौसेना नियमित रुप से इन समुद्री इलाकों में नेवीगेशन अभियान चलाती रही है। और वे सभी अभियान अंतरराष्ट्रीय नियम के अनुसार चलाए जाते हैं, जिसमें विमान, जहाज सेलिंग शामिल है।
हालांकि चीनी रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को अपने एक बयान में अमेरिका के इन गतिविधियों को राजनीतिक और सैन्य रुप से भड़काउ करार दिया। चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेन गुओकियांग ने कहा कि चीन इसका पूरी तरह से विरोध करता है। बयान में कहा गया कि हमारे चीनी जहाज उन अमेरिकी जहाजों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। चीन दक्षिण चीन सागर के द्वीप और उसके चारों ओर के पानी वाले क्षेत्रों पर निर्विवाद संप्रभुता में विश्वास रखता है। आगे कहा कि अपने नौसैनिक जहाजों को भेज कर अमेरिका चीन की संप्रभुता और सुरक्षा को नुक्सान पहुंचा रहा है, साथ ही अंतरराष्ट्रीय नियमों के आधारभूत संरचना, क्षेत्रीय शांति और स्थिरता का उल्लंघन कर रहा है।