Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

ग्रामीण आजीविका के केन्द्र बन रहे हैं गौठान : आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर महिलाएं

छत्तीसगढ़ में अब गौठान ग्रामीणजनों के लिए आजीविका के साधन बन रहे हैं। बिलासपुर जिले के 35 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ आदर्श ग्राम गौठान सेलर ग्रामीणों के विकास एवं आजीविका संवर्धन के लिए अब ग्रामीण औद्योगिक केन्द्र के रूप में विकसित हो चुका है। बिलासपुर जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर विकासखंड बिल्हा में स्थित सेलर ग्राम पंचायत में महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं। कभी घर की चारदीवारी तक ही सीमित रहने वाली महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर हर मोर्चे पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है।  

सेलर गौठान में सुराजी गांव योजना के तहत 11 महिला स्व-सहायता को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा गया है। यहां महारानी लक्ष्मीबाई स्व सहायता समूह द्वारा बत्तख पालन सह हरा चारा उत्पादन का काम किया जा रहा है। इस समूह में दस महिलाएं हैं । अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी साहू है। समूह द्वारा लगभग 20 हजार रूपए की प्रतिमाह आय अनुमानित है। पतरकोनी गौरेला में सहकारी समिति से अण्डा खरीदी के लिए अनुबंध किया गया है। शिव शक्ति स्व सहायता समूह द्वारा दोना पत्तल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। समूह द्वारा प्रतिमाह 366000 दोना निर्माण किया जाना अनुमानित है।