Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

गणतंत्र दिवस : पुरुषों की बजाए महिलाओं को मिला राष्‍ट्रध्‍वज फहराने में महत्‍व

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद नए-नए फैसले हो रहे हैं। प्रदेश में 26 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज फहराने में पहली बार पुस्र्षों की जगह महिला जनप्रतिनिधियों को तरजीह मिली है। प्रदेश के पांच जिलों में महिला मंत्री, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष झंडा फहराएंगी।

अब तक की परंपरा रही है कि महिला मंत्री और संसदीय सचिवों को ही झंडा फहराने की जिम्मेदारी मिलती थी लेकिन कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में मिले बंपर बहुमत और महिला विधायकों की संख्या को देखते हुए विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए यह फैसला किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड और विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत जांजगीर-चांपा में झंडा फहराएंगे। वहीं, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया बालोद में झंडा फहराएंगी। सरकार ने पहली बार की विधायक की महिला विधायकों को विशेष मौका दिया है।

कोरिया में बैकुंठपुर विधायक अंबिका सिंहदेव झंडा फहराएंगी। अंबिका ने पहली बार में पूर्व मंत्री भइयालाल राजवाड़े को शिकस्त दी है। वहीं, बिलासपुर में तखतपुर की विधायक रश्मि आशीष सिंह को मौका दिया गया है। रश्मि ने राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय को हराया है।

हालांकि बिलासपुर में झंडा फहराने में स्थानीय विधायक शैलेष पांडेय की अनदेखी का मुद्दा भी गरमाया था। पांडेय समर्थकों ने आरोप लगाया कि उनके कद को छोटा करने के लिए बिलासपुर में तखतपुर की विधायक को मौका दिया गया है। इस पर राजनीतिक सरगर्मी भी रही और कांग्रेस के प्रदेश स्तर के नेताओं से शिकायत भी की गई।

धमतरी में सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी धु्रव झंडा फहराएंगी। वह भी पहली बार विधायक चुनी गई है। विधानसभा चुनाव में धमतरी सीट पर कांग्रेस के गुरमुख सिंह होरा को हार का सामना करना पड़ा था। यहां से भाजपा की रंजना साहू को जीत मिली थी। इसके बाद लक्ष्मी को झंडा फहराने का मौका देकर सरकार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि वह महिला हितों की पक्षधर है। समाज में महिलाओं को बराबरी का मौका देने की कोशिश कर रही है। मुंगेली में जिला पंचायत अध्यक्ष कृष्णा बघेल ध्वजारोहण करेंगी। कांग्रेस को मुंगेली विधानसभा में हार का सामना करना पड़ा था। यहां से पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले को जीत मिली है। मोहले हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गये थे।