Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

शून्य से 40 डिग्री नीचे तापमान में अमेरिका में बढ़े हिमदाह के मरीज

मध्य-पश्चिमी अमेरिका में जमा देने वाली सर्दी का प्रकोप जारी है। ठंड के कारण अस्पतालों में हिमदाह के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस स्थिति में ठंड के संपर्क में आने वाले अंग की त्वचा के साथ उस हिस्से के टिश्यू क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। यह नासूर का रूप ले सकता है और अंग को काटने तक की नौबत आ सकती है।

इलिनॉयस के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ऐसे 30 से अधिक मरीजों की हालत बेहद गंभीर है। ठंड से अब तक यूनिवर्सिटी ऑफ आयोवा के 18 वर्षीय छात्र समेत 21 लोगों की मौत हो गई है। कई जगहों पर तापमान अब भी शून्य से 30-40 डिग्री नीचे है।

गुरुवार सुबह पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए इलिनॉयस राज्य में तापमान शून्य से 38 डिग्री नीचे पहुंच गया था। शिकागो और आसपास के इलाकों में भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। मध्य-पश्चिमी राज्यों में भारी बर्फबारी के कारण यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बर्फ से भरी सड़कों पर दुर्घटनाओं के चलते मिशिगन के अंतरराज्यीय हाईवे को बंद कर दिया गया है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा वक्त घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। स्कूल और कार्यालय भी बंद हैं। गुरुवार दोपहर तक 2,200 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। मौसम विभाग ने हालांकि सप्ताह के अंत तक स्थिति बेहतर होने की संभावना जताई है।