Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

‘ठग’ सत्ता में आए तो देश का विकास पटरी से उतरेगा: अमित शाह

विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने चेताया है कि अगर आगामी लोकसभा चुनावों में ‘ठग’ सत्ता में आ गए तो भारत के विकास में गिरावट आएगी और विकास की रफ्तार पटरी से उतर जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश के विकास को नई दिशा दी है।

शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस समेत भाजपा नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा कि चुनावों से देश का भविष्य तय होगा। जो पिछले 55 सालों में हासिल नहीं किया जा सका वह मोदी जी ने पिछले 55 महीनों में हासिल कर लिया है। भाजपा ने विकास पर जोर दिया है और नये बजट में समाज के सभी तबकों के साथ न्याय किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, नेताओं की नहीं। पिछले पांच सालों में पार्टी ने कमोबेश ‘एक परिवार’ के प्रभाव को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। जातिवाद, सांप्रदायिकता और भ्रष्टाचार की राजनीति से देश को मुक्त कराते हुए भाजपा ने देश को विकास के पथ पर चला दिया है।

विपक्षी दलों चुनौती देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा के विजय रथ को कोई भी नहीं रोक सकता है और कोई भी महागठबंधन हमारी सत्ता में वापसी को नहीं रोक सकता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री फड़नवीस ने कहा कि वर्ष 2020-2035 का समय देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी अवधि में देश चीन और अमेरिका की अर्थव्यवस्था को भी पीछे छोड़ सकता है। इसलिए ठोस विकास का एजेंडा निर्बाध आगे चलता रहे यह जरूरी है कि अगले चुनावों में भाजपा को वोट दिया जाए। उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों से अपील की कि वह राज्य में सभी 48 सीटों पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों की जीत सुनिश्चित करें।