Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

भगवान राम के जन्मस्थान पर विवाद कांग्रेस ने खड़ा किया, इस सोच से देश प्रभावित हुआ: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के डाल्टनगंज में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जन्मस्थान को लेकर कांग्रेस ने विवाद खड़ा किया था। वे यही चाहते थे कि इस मामले का हल जल्द न निकले। उन्होंने सिर्फ अपने वोटबैंक की परवाह की। कांग्रेस की इसी सोच ने पूरे देश पर असर डाला।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 1980 के दशक में भी जब भाजपा का जनाधार नहीं था, कांग्रेस हमारा मजाक उड़ाती थी। तब भी इस क्षेत्र में भाजपा मजबूत थी। बिरसा मुंडा के धरती पर राष्ट्रवाद, परंपरा के प्रति प्रबल भावना रही है। झारखंड में 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक 5 चरणों में वोटिंग होगी। 23 दिसंबर को नतीजा आएगा। राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 79 पर प्रत्याशी उतारे हैं।

‘विपक्ष ने समस्याओं को टालने का काम किया’
मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके साथी दलों के काम करने का तरीका था- समस्याओं को टालते रहो और उनके नाम पर वोट बटोरते रहो। इन्होंने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 का मामला अटका कर रखा था। भाजपा ने इसके समाधान का वादा किया था और उसे पूरा कर दिखाया।’’

‘‘राम की जन्मभूमि अयोध्या का विवाद भी दशकों तक लटकाया गया। कांग्रेस चाहती तो समाधान निकाल सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया। उन्होंने सिर्फ अपने वोट बैंक की परवाह की। कांग्रेस की इस सोच से समाज में दरारें, दीवारें बनी। राम जन्मभूमि से जुड़ा विवाद खत्म हो चुका है। एक भारत और श्रेष्ठ भारत का सपना पूरा करने का काम हम कर रहे हैं, एकता के मंत्र को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।  समस्या का समाधान होता है तो हर किसी को खुशी होती है। गरीब, आदिवासी, हरेक पिछड़े व्यक्ति की मर्यादा, सामाजिक न्याय भाजपा की प्राथमिकता है।’’

झारखंड विधानसभा: 2014 के नतीजे

दलसीटें
भाजपा37
कांग्रेस6
झामुमो19
आजसू5
अन्य14