Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ghaziabad News: आए दिन भौंकता रहता था कुत्ता, इसलिए 2 बेटों समेत शख्‍स को मार दी गोली

गाजियाबाद: मोरटा गांव में कुत्ते के भौंकने पर हुए विवाद में पिता और उसके 2 बेटों को गोली मार दी गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार तड़के हुई इस घटना में 2 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक तमंचा बरामद किया गया है। मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि तीनों घायलों को दिल्ली के अस्पताल में रेफर किया गया है। इस मामले में गोली मारने वाले 2 भाई शिवम और सत्यम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका एक साथी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।

10 दिन पहले शुरू हुआ था विवाद
मोरटा में रहने वाले सुशील और उनके बेटे तरुण व वरुण पशुपालन करते हैं। सुरक्षा के लिए उन्होंने कुछ कुत्तों को रखा हुआ है। करीब 10 दिन पहले कुत्तों के भौंकने को लेकर सुशील और शिवम का विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों मे अक्सर झगड़ा होता था। जिसे लोग शांत करवाते थे लेकिन मंगलवार को विवाद बढ़ने के बाद गोली चला दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पीड़ित परिवार के घर जाकर अभद्रता कर रहे थे, तभी घर में सो रहे सुशील और उसके दोनों बेटे उठे और बाहर जाकर उनका विरोध करने लगे। इसके बाद जब उन्होंने जान से मारने की धमकी दी तो उन्होंने डंडा लेकर उन्हें भगाने का प्रयास किया। इस दौरान विवाद बढ़ा और तमंचे से फायरिंग कर दी गई। सुशील की कमर में गोली लगी है जबकि दोनों बेटों के पेट को छूती हुई गोली निकल गई। तीनों को संजयनगर के संयुक्त अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया।

फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी
घायल तरुण ने बताया कि दोनों आरोपी सदरपुर के रहने वाले हैं। जब भी वह वहां से निकलते थे तो उनका कुत्ता भौंका करता था। इससे नाराज होकर उन्होंने कुत्ते को पीटा था। विरोध करने पर वह विवाद करते थे। इस बार विवाद के बाद उन्होंने गोली चला दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अठन्नी और चवन्नी के नाम से भी जाने जाते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद सामने आया है कि तीन तमंचे से फायरिंग की गई है लेकिन पुलिस को अभी एक ही तमंचा मिला है। पुलिस उनके तीसरे साथी की तलाश कर रही है, साथ ही तमंचा कहां से लिया इस बारे में भी जानकारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पूर्व में भी कई लोगों के साथ विवाद कर चुके हैं।