Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

बदायूं में जिला-ए-काजी के जनाजे में उमड़ी मुरीदों की भीड़, गाइडलाइन की उड़ीं धज्जिया…..

रविवार तड़के दरगाह आलिया कादरिया के सज्जादा नशीन काजी-ए-जिला शेख अब्दुल हमीद मोहम्मद सालिमुल कादरी के जनाजे में मुरीदों की इस कदर भीड़ उमड़ी कि सामाजिक दूरी तो अलग मास्क के नियम भी टूट गए। पुलिस और जिला प्रशासन कुछ नहीं कर सका। जब सोशल मीडिया पर भीड़ का वीडियो वायरल हुआ तो सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात भीड़ के खिलाफ कोविड-19 और कर्फ्यू उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है।दरगाह आलिया कादरिया के सज्जादा नशीन काजी-ए-जिला शेख अब्दुल हमीद मोहम्मद सालिमुल कादरी का पूरा जिला मुरीद था। रविवार तड़के जब लोगों को उनके जाने की खबर मिली तो लोग गम में डूब गए। उनके इंतकाल का समाचार जिले में आग की तरह फैल गया था। इससे जिलेभर से हजारों की संख्या में लोग उनके घर पर पहुंचना शुरू हो गए। सुबह नौ बजे तक भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि लोगों को अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया। सभी चाहने वाले उनके आखिरी दर्शन करना चाहते थे। इससे उनके बीच धक्कामुक्की तक हो गई। उनकी अंतिम यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में लोग पीछे चल रहे थे। उनके जनाजे को कांधा देने वालों की कमी नहीं थी। पूरी सड़क फुल हो गई। कब्रिस्तान तक में पैर रखने की जगह नहीं थी। ये भीड़ देखकर पुलिस प्रशासन कुछ नहीं कर सका, लेकिन रविवार रात सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात भीड़ के खिलाफ धारा 188, 269 और 270 के तहत मामला दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार धामा ने बताया कि अज्ञात भीड़ के खिलाफ एफआईआर लिख ली गई है। आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के आदेश पर कराई जाएगी।
पूर्व राज्यमंत्री ने समेत कई हस्तियों ने शोक जतायाबदायूं। आला हजरत काजी-ए-जिला शेख अब्दुल हमीद मोहम्मद सालिमुल कादरी साहब के निधन की खबर मिलने पर पूर्व राज्यमंत्री आबिद रजा रविवार सुबह ही उनके आवास पर पहुंच गए। उन्होंने गहरा शोक जताया और परिवार वालों को सांत्वना दी। आबिद ने कहा कि आला हजरत के पूरी दुनिया में मुरीद हैं। उन्होंने धार्मिक क्षेत्र में बदायूं को पूरे देश में अलग ही पहचान दिलाई।रविवार को दिन भर सालिमुल कादरी साहब के आवास पर मुरीद जुटे रहे। कई बड़ी हस्तियां भी शोक व्यक्त करने पहुंचीं। बदायूं यूथ ने ऑनलाइन शोक सभा का कर निधन पर शोक जताया। शोक सभा में मरहूम की मग़फ़िरत, दरजात बुलंद करने और जन्नतुल फ़िरदौस में आला मुक़ाम के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर डॉ. शकील अहमद, जिया अनंसारी, शफ़ी अहमद, अनवर अंसारी, मोहम्मद ख़ालिद अहमद , अनस आदि रहे। इधर पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता (दीवानी) अनवर आलम ने कहा कि काजी ए जिला हजरत सालिम मियां साहब की शख्सियत बदायूं के लोगों के लिए एक सरपरस्त की तरह थी। वह बहुत नेक, मिलनसार, हर दिल अजीज शख्स थे। समाज के हर वर्ग में उनकी बहुत इज्जत थी। उनके चले जाने से बदायूं के लोगों ने अपना सरपरस्त खो दिया। उनको हमेशा याद किया जाएगा।