Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ghaziabad News: गाजियाबाद में नगर निगम की पहल, स्वच्छता के लिए आज से कार्ड और जुर्माना सिस्टम लागू

किरणपाल राणा, गाजियाबाद
गीला और सूखा कूड़ा अलग नहीं देने पर आज से जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने योजना शुरू कर दी है। शहर को स्वच्छ और स्मार्ट बनाने के साथ प्रदूषण फ्री भी किया जाएगा। प्रदूषण फ्री सिटी बनाने के लिए निगम वसुंधरा जोन को मॉडल के तौर पर पेश करेगा। इस जोन में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के साथ कूड़ा उठाने में लगे डीजल और पेट्रोल के वाहनों की निगम छुट्टी करेगा। यहां शत प्रतिशत प्रदूषण रहित ई-वीइकल तैनात किए जाएंगे।

इसके अलावा निगम ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ग्रीन, यलो और रेड कार्ड योजना का शुभारंभ किया है। इसकी शुरुआत भी वसुंधरा जोन के वॉर्ड नंबर-77 से की गई। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शहर को गंदगी से आजादी दिलाई जाएगी। घरों से ही कूड़े की छंटनी करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने वालों को जुर्माना देना होगा। ज्यादा कूड़ा उत्पन्न करने वाले को निस्तारण अनिवार्य रूप से करना होगा। नहीं तो उस पर एक्शन लिया जाएगा। शहर को पलूशन फ्री करने के लिए भी कदम उठाया जा रहा है। जनता के सहयोग से शहर क्लीन बनेगा।

वेस्ट फ्री सिटी-दिल्ली से स्टे गाजियाबाद को वेस्ट फ्री सिटी बनाया जाएगा। इसके लिए 2 तरह के मैकेनिज्म पर काम शुरू किया गया है। पहला अब अनिवार्य रूप से घरों से ही सूखा और गीला कूड़ा अलग लेना होगा। इसकी शुरुआत वैशाली के वॉर्ड नंबर-77 से की गई है। इस वॉर्ड को निगम पहले मॉडल के तौर पर पेश करेगा। इसके बाद 10 वॉर्डों में लागू किया जाएगा।

घरों पर लगेगा लाल निशान
निगम का दावा है कि शहर से हर रोज एक हजार मीट्रिक टन से अधिक कूड़ा निकलता है। अभी मिक्स कूड़ा की निगम की गाड़ी में डाला जाता है। इसकी वजह से प्रोसेसिंग में परेशानी आ रही है। निगम ने घरों से ही कूड़ा गीला और सूखा लेने के लिए ट्रंप कार्ड योजना शुरू की है। इसके तहत जिन घरों से सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग मिलेगा उन घरों को ग्रीन कार्ड दिया जाएगा। जहां मिक्स कूड़ा दिया जाएगा, उन्हें पहले समझाया जाएगा। इस दौरान उन्हें यलो कार्ड दिया जाएगा। अगर वह फिर भी मिक्स कूड़ा ही देंगे तो निगम उन्हें लाल कार्ड देगा। साथ ही उनके मकान पर लाल निशान लगाकर जुर्माना लिया जाएगा।

पलूशन होगा कम
नगर निगम वसुंधरा जोन को एक मॉडल बनाएगा। इस जोन में डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन से लेकर कूड़ा उठाने में यूज होने वाले 100 वाहनों को हटाया जाएगा। निगम इनके स्थान पर 100 ई-वीइकल खरीदने जा रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। निगम का दावा है कि दिवाली से पहले यहां ई-वीइकल चलेंगे। इससे एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (हवा की गुणवत्ता) में सुधार होगा।