Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Weather Forecast: कहीं बारिश की राहत, कहीं उसम से हाल-बेहाल, नोएडा से गाजीपुर तक… जानिए यूपी में मौसम का हाल

लखनऊ: प्री-मॉनसून का असर अभी उत्तर प्रदेश के सभी इलाकों तक नहीं पहुंच पाया है। इस वजह से यूपी के शहरों में लोगों को उमस जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उत्तराखंड के कई इलाकों में भी बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में उमस भरी गर्मी पड़ रही है। तेज धूप और तापमान बढ़ने के कारण लोगों को घरों के साथ-साथ बाहर में भी पसीना छुड़ाने जैसी गर्मी का अहसास करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से अलीगढ़, गाजियाबाद सहित कई जगहों पर जलभराव जैसी स्थिति बन गई है। लगातार बिजली आने-जाने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पूर्वांचल में अभी तक लोगों को तेज बारिश का इंतजार है।

उमस से परेशान लखनऊ, बारिश का इंतजार
राजधानी लखनऊ में उमस और गर्मी का प्रकोप बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन राहत के छींटों का इंतजार अभी भी राजधानीवासियों को है। दिन भर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। सोमवार को मौसम विभाग की ओर से छींटे पड़ने का अनुमान जताया गया है। शाम तक राजधानी में बादल घिरने और शाम 7 बजे तक बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं। सोमवार को शहर में बारिश की संभावना 46 फीसदी जताई गई है। लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

नोएडा में भी तेज बारिश की संभावना
राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में सोमवार को एक बार फिर तेज बारिश की संभावना जताई गई है। दिन के वक्त में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। सुबह से आसमान में बादल और 89 फीसदी ह्यूमिडिटी के कारण लोगों को घरों में उमस जैसी स्थिति बनी, लेकिन बाहर में लोगों को राहत जैसी स्थिति महसूस हुई। आसमान के बादलों से घिरे रहने और बारिश के कारण सुबह 8 बजे तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद की गई है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

गाजीपुर में शाम को तेज बारिश की संभावना
गाजीपुर, चंदौली और वाराणसी में सोमवार की शाम भीगी रह सकती है। मौसम विभाग की ओर से शाम 5 बजे से गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। रात 11 बजे तक बारिश का अनुमान जताया गया है। गरज के साथ छींटे पड़ने के कारण रात का तापमान रविवार की अपेक्षा करीब 3 डिग्री कम रह सकता है। शहर में सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

बारिश की संभावना 55 फीसदी बताई गई है। सोमवार की सुबह बादल और धूप के साथ शुरू होने से लोगों को उमस जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। 86 फीसदी ह्यूमिडिटी और 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा के बाद भी लोगों को अधिक राहत नहीं मिली है। अगले सप्ताह में बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

देवरिया में उमस भरा मौसम बरकरार
देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर में उमस भरा मौसम बरकरार रहने की उम्मीद है। सोमवार को शहर में बादलों का डेरा रह सकता है, लेकिन इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बारिश की उम्मीद महज 20 फीसदी जताई गई है। सोमवार सुबह 8 बजे ही शहर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 65 फीसदी ह्यूमिडिटी के कारण 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा भी लोगों को राहत पहुंचाने में नाकाम रही। सोमवार को शहर में बारिश का अनुमान जताया गया है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।