Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

वृक्षारोपण जनआंदोलन-2022 के वन महोत्सव के अन्तर्गत कल एक दिन में रिकार्ड 25 करोड़ वृक्षा का होगा रोपण

 प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री अरूण कुमार सक्सेना ने आज यहां बताया कि वृक्षारोपण जन आन्दोलन-2022 के अन्तर्गत प्रदेश में 35 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य है। कल 05 जुलाई को प्रदेश 25 करोड़ वृक्षारोपण होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी जनपद चित्रकूट में वृक्षारोपण जन आंदोलन-2022 के वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर वन मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
    वन मंत्री ने बताया कि के प्रदेश के समस्त जनपदों में वृहद स्तर पर वन महोत्सव समारोह का आयोजन स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट जनों की उपस्थिति में किया जायेगा। अभियान के तहत पर्यावारण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 14 करोड़ तथा अन्य 25 विभागों द्वारा 21 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि रोपित पौधों की सुरक्षा एवं सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जाये।
     वन मंत्री ने बताया कि 06 जुलाई, 2022 को शक्ति वन हेतु चिन्हित स्थलों पर 2.5 करोड, 07 जुलाई को खाद्य वन हेतु चिन्हित स्थलों पर 2.5 करोड़ पौधो का रोपण किया जायेगा।  15 अगस्त, 2022 को आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा शहरी निकाय में ‘‘अमृत वन‘‘ की स्थापना की जायेगी जिसमें 05 करोड़ पौधो का रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में बाल वन तथा उच्च शिक्षा/प्राविधिक शिक्षा के संस्थानों में युवा वन की स्थापना की जायेगी। शहरों में वायु प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन के नियंत्रण हेतु घने मियावाकी वन तथा नगर वन की स्थापना की जा रही है।
    श्री सक्सेना ने कहा कि वृक्षारोपण जन आंदोलन के अतर्गत राष्ट्रीय वृक्ष बरगद तथा देशज पौधे पीपल, पाकड़, नीम, बेल, आंवला, आम, कटहल, सहजन, आदि के रोपण को वरीयता दी जायेगी। इसके साथ ही नदियों के किनारे, सड़क किनारे विशेषकर एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा राज्य राजमार्ग के किनारे वृक्षारोपण का प्राथमिकता दी जायेगी। समस्त वृक्षारोपण स्थलों की जियो टैगिंग, हरीतिमा-अमृत वन ऐप पर समस्त अमृत वन स्थलों तथा अन्य विभागों के वृक्षारोपण स्थलों की सूचना/प्रगति का अपलोडिंग भी की जायेगी।