Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यह मरीजों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या, राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 1.63 लाख के पार

महाराष्ट्र में 24 घंटे में 5493 संक्रमित मरीज मिले हैं। यह अब तक किसी भी राज्य में एक दिन में मिले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। यह जानकारी रविवार देर शाम जारी रिपोर्ट में दी गई। बता दें कि शनिवार को भी राज्य में 5300 से ज्यादा मरीज मिले थे। राज्य में कुल मरीजों की संख्या 1,63,579 हो गई है।

वहीं, रविवार को 156 मौतें हुईं। इसके साथ मौत का कुल आंकड़ा 7429 हो गया है। मुंबई में 24 घंटे में 1287 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, जबकि 87 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में अब तक कुल केस 75,539 और कुल मौत 4371 हो गई हैं।

मुंबई के नयगांव इलाके में एक सलून को सैनिटाइज करता कर्मचारी।

राज्य में आज से सलून खुले
महाराष्ट्र में 100 दिन बाद आज से सलून, स्पा, ब्यूटी पार्लर खुल गए हैं। राज्य सरकार ने इन दुकानों को कुछ दिशा-निर्देशों के साथ खोलने की अनुमति दी है। दुकानों को पूर्व निर्धारित अपॉइंटमेंट के आधार पर चलाने की इजाजत मिली है। सलून में सरकार की ओर से निर्धारित की गईं सावधानियों के साथ बाल काटने, हेयर डाइंग, वैक्सिंग, थ्रेडिंग को अनुमति है।

जबकि दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को दस्ताने, एप्रन और मास्क पहनना होगा। हर कस्टमर को सर्विस देने के बाद कुर्सियों को सैनिटाइज करना अनिवार्य होगा। दुकानदार को ग्राहकों के लिए तौलिया या नैपकिन का इंतजाम करना होगा। साथ ही दुकान के फर्श को हर दो घंटे में साफ करना होगा।

मुंबई में बीएमसी करेगी सीरो सर्वे 
मुंबई में बीएमसी कोरोना के फैलाव को जांचने के लिए सीरो-सर्वे करवाएगी, जिसमें 10,000 रैंडम ब्लड सैंपल लिए जाएंगे। यह सर्वे नीति आयोग और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) के साथ मिलकर मुंबई के एम- वेस्ट, एफ नॉर्थ और आर नॉर्थ वॉर्ड में किए जाएंगे।

इस स्टडी से कोरोना संक्रमण की दर, इसके फैलाव की प्रकृति और आबादी पर इसके असर की जानकारी मिलेगी। इसके आधार पर कोरोना से संबंधित जनस्वास्थ्य नीतियां बनाने में सहायता मिलेगी।

नवी मुंबई में एक सप्ताह का लॉकडाउन 
नवी मुंबई महानगरपालिका ने आदेश दिया है कि रोगियों की संख्या बढ़ने की वजह से 29 जून से 5 जुलाई तक पूरे शहर में लॉकडाउन लागू करने का आदेश जारी किया गया है। नवी मुंबई में कोरोना रोगियों का आंकड़ा 5 हजार के पार पहुंच चुका है और 194 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस बारे में बैठक ली है।

ड्यूटी पर हाजिर नहीं होने के कारण 6 पुलिसकर्मियों पर एफआईआर
कई बार नोटिस के बावजूद ड्यूटी पर हाजिर न होने के लिए 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ये सारे पुलिसकर्मी बोरीवली पुलिस स्टेशन से जुड़े हैं। इनमें दो पुलिस नाइक हैं जबकि चार पुलिस कांस्टेबल हैं। इन पुलिसकर्मियों को पहले कई बार चेतावनी दी गई। नोटिस भी दिया गया। इसके बाद उन्हें निलंबित कर जांच के लिए बुलाया गया। इसके बावजूद ये पुलिसकर्मी नहीं आए। अब इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

घर पर काम करने वालों पर राज्य में रोक नहीं
सहकारिता मंत्री बालासाहब पाटिल ने कहा है कि राज्य सरकार ने हाउसिंग सोसाइटी के घरों में काम के लिए आने वाले लोगों और वाहन चालकों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाई है। लिहाजा, मजदूरों और घर में काम पर आने वाले लोगों को सोसाइटी परिसर में आने से न रोका जाए। उन्होंने सोसायटी पदाधिकारियों को आग्रह करते हुए कहा है कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने जो निर्देश जारी किए हैं, उसके अंतर्गत घर के काम के लिए मजदूरों और वाहन चालकों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाई है।

राज्य में शिक्षिकाओं को स्कूल नहीं आने की छूट

राज्य सरकार ने सर्कुलर जारी कर स्कूल खुलने तक शिक्षिकाओं को स्कूल नहीं आने और घर से काम करने की छूट दे दी है, लेकिन जो शिक्षक स्वस्थ हैं, उन्हें सप्ताह में दो दिन स्कूल में हाजिरी लगानी होगी। इन शिक्षकों को किस दिन स्कूलों में आना है, यह मुख्याध्यापक तय करेंगे। 

सर्कुलर के मुताबिक, मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और पालघर में अत्यावश्यक सेवाओं के लिए ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट चल रहे हैं। इससे शिक्षकों को स्कूलों में जाने में अड़चन आ सकती है, इसलिए शिक्षकों की सहूलियत के लिए वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी गई है। साथ ही, स्कूल खोलने की तैयारी और ई-लर्निंग को लेकर मुख्याध्यायकों को सप्ताह में दो दिन स्कूल में उपस्थित रहना होगा।

मुंबई में कोरोना नियंत्रित करने में असफल रही सरकार: फडणवीस
विपक्ष के नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया है कि मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। सरकार इस पर नियंत्रण करने में असफल हो गई है। इस संबंध में फडणवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर पूरी जानकारी दी है।

फडणवीस ने पत्र में लिखा है कि कोरोना संक्रमण दर भिवंडी में 48 प्रतिशत, पनवेल में 45 प्रतिशत, मीरा-भाईंदर में 43 प्रतिशत, ठाणे में 29.94 प्रतिशत तक पहुंच गया है। यह आंकड़े तब हैं, जब कोरोना टेस्ट नियंत्रित किया जा रहा है। फडणवीस का कहना है कि 24 जून 2020 तक मुंबई में 2 लाख 99 हजार 369 टेस्ट किए गए थे जबकि उस वक्त मरीजों की संख्या 69 हजार 528 थी। मतलब टेस्ट किए गए 23.22 प्रतिशत लोग कोरोना पीड़ित पाए गए।