Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

भारत में रिकॉर्ड 48 हजार से ज्यादा केस बढ़े, 33 हजार लोग ठीक भी हुए, 755 की मौत; देश में अब तक 12.88 लाख केस

देश में कोरोना मरीजों की संख्या 12 लाख 88 हजार 130 हो चुकी है। गुरुवार को रिकॉर्ड 48 हजार 446 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। अब तक एक दिन में संक्रमितों के मिलने का यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इसके पहले बुधवार को ही 45 हजार 601 लोग संक्रमित मिले थे। गुरुवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9,895, आंध्र प्रदेश में 7,998, तमिलनाडु में 6,472 और कर्नाटक में 5,030 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 

इस बीच, राहत की बात है कि ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी 8 लाख के पार हो गया। अब तक 8 लाख 16 हजार 205 लोग रिकवर हो चुके हैं। गुरुवार को रिकॉर्ड 33 हजार 326 लोग ठीक हुए। एक दिन में ठीक होने वाले मरीजों की यह संख्या सबसे ज्यादा है। इसके पहले बुधवार को 874 लोग ठीक हुए थे। अभी 4 लाख 40 हजार 863 लोगों का इलाज चल रहा है। 

मरने वालों का आंकड़ा 30 हजार के पार हुआ
इस बीच, बुरी खबर है कि संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा गुरुवार को 30 हजार के पार हो गया। 11 मार्च को देश में कोरोना से पहली मौत हुई थी। इसके 135 दिन के अंदर 30 हजार 645 लोगों ने जान गंवा दी। स्पेन को पीछे छोड़कर अब भारत दुनिया का 7वां देश हो गया है जहां सबसे ज्यादा जानें गई हैं। आंकड़ों को देखें तो भारत में हर 10 लाख की आबादी में 22 लोगों की जान जा रही है।  

  • कोविड वेस्ट मटेरियल नष्ट करने की नई गाइडलाइन: सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने कोविड-19 के इलाज में प्रयोग होने वाले फेस मास्क, ग्लव्स, पीपीई किट व अन्य वेस्ट मटेरियल को नष्ट करने की नई  गाइडलाइन्स जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार, हर दिन हर राज्य से औसतन 2 से 3 टन कोविड वेस्ट निकल रहा है। इसका निस्तारण सही तरीके से करना जरूरी है। गाइडलाइन के मुताबिक कोविड-19 में प्रयोग होने वाले सभी मास्क, ग्लव्स, पीपीई किट व अन्य वेस्ट मटेरियल को काटकर 72 घंटे किसी पेपर में लपेटना होगा। इसके बाद उसे डिस्पोज करना होगा।
  • झारखंडः राज्य सरकार ने लॉकडाउन के नियमों को लेकर और सख्ती की है। अब सार्वजनिक जगहों पर मास्क ना पहनने और थूकने पर एक लाख रुपए का जुर्माना लग सकता है। झारखंड कैबिनेट ने बुधवार की रात को यह फैसला लिया। यहां 24 घंटे में कोरोना के 518 मामले सामने आए। राज्य में संक्रमितों की संख्या 6761 हो गई।
  • एमपी के कैबिनेट मंत्री कोरोना पॉजिटिव : इस बीच खबर है कि मध्यप्रदेश के एक कैबिनेट मंत्री अरविंद भदौरिया (50) कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बुधवार को वे कैबिनेट मीटिंग में भी मौजूद थे। इसके अलावा, वे लखनऊ में लालजी टंडन के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे। मंत्री भदौरिया को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्चः आईसीएमआर ने बुधवार को बताया कि 22 जुलाई तक 1 करोड़ 50 लाख 75 हजार 369 टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 3 लाख 50 हजार 823 सैंपल की जांच की गई। 
  • केंद्रीय स्वास्थ मंत्रालयः आज सुबह जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे में 45 हजार 720 मामले सामने आए। वहीं, 1129 मौतें हुईं। इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या 12 लाख 38 हजार 635 हो गई है। इनमें 4 लाख 26 हजार 167 एक्टिव केस हैं। वहीं, 7 लाख 82 हजार 606 स्वस्थ हो गए हैं। देश में अब तक 29 हजार 861 लोग दम तोड़ चुके हैं।
  • झारखंडः विधानसभा सचिवालय के कुछ कर्मचारी और सदस्य कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सचिवालय को डिसइन्फेक्ट करने के लिए 27 जुलाई तक के लिए सील कर दिया गया है। विधानसभा समितियों की सभी बैठकें 31 जुलाई तक टाल दी गई हैं।
  • केरलः कैबिनेट ने कोरोना की वजह से 27 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को रद्द करने का फैसला किया है। कैबिनेट की मीटिंग सोमवार को बुलाई गई है। इसमें पूर्ण लॉकडाउन पर फैसला लिया जा सकता है।
  • तमिलनाडुः राजभवन में 84 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। सभी को क्वारैंटाइन किया गया है।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: राज्य में गुरुवार को 632 नए केस मिले। अब तक 25,474 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 17,359​​​​​​​ लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 7,335​​​​​​​ लोगों का इलाज चल रहा है। 780 मरीजों ने संक्रमण के चलते जान गंवा दी।

राजधानी भोपाल में पिछले 24 घंटे में 190 पॉजिटिव मिले। इसके साथ राजधानी में मरीजों की संख्या बढ़कर 5 हजार के करीब पहुंच गई है। वहीं, अब तक 148 लोगों की जान चली गई है। भोपाल में कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से 24 जुलाई की रात आठ बजे से दस दिन का लॉकडाउन रहेगा। इसी के साथ विभिन्न क्षेत्रों के अलग-अलग जारी हुए लॉकडाउन के सभी आदेश रद्द कर दिए गए हैं। सभी बाजार गुरुवार और शुकवार को पहले की तरह खुलेंगे। इंदौर में सीरो-सर्वे हुआ था। इसमें खुलासा हुआ कि शहर के कंटेनमेंट जोन में 8% आबादी संक्रमित है। पॉजिटिव रेट 7.72% हो गया।

महाराष्ट्र: राज्य में गुरुवार को 9,895 नए मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,47,502 हो गई। संक्रमण के चलते पिछले 24 घंटे में 298 लोगों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12,854 हो गई। पिछले चौबीस घंटे में कोविड-19 के 6,484 मरीज ठीक हो गए। अब तक राज्य में 1,94,253 मरीज ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र में अभी 1,40,395 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक कुल 17,37,716 लोगों की कोरोना वायरस जांच हो चुकी है।​​​​​​​

इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने गुरुवार को कहा कि राज्य में जिम और शापिंग मॉल खोले जाने पर विचार किया जा रहा है। धार्मिक स्थलों और सामाजिक कार्यक्रमों पर रोक सबसे आखिर में हटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन को लेकर अभी फैसला नहीं लिया गया है।

उत्तरप्रदेश:  राज्य में गुरुवार को रिकॉर्ड 2529 नए कोविड पॉजिटिव सामने आए हैं। यह अब तक मरीजों की रिकार्ड संख्या हैं। इससे पहले 22 जुलाई को सबसे ज्यादा 2308 मरीज मिले थे। प्रदेश में 21003 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है। इस समय आइसोलेशन में 21,018 मरीज और 4403 क्वारैंटाइन में हैं।  

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब तक प्रदेश में 33803 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में अब कोरोना वायरस नमूने जांचने की क्षमता 50 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। बुधवार को 54897 नमूनों की जांच की गई है। अब तक प्रदेश में 16.54 लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है। अब हर जिले में स्टैटिक बूथ बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार जांच करा सकें। यहां एंटीजन टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।  उन्होंने बताया कि बुधवार को 3001 पूल टेस्ट किए गए। इसमें 2760 पूल पांच-पांच नमूनों के बनाए गए थे। इनमें से 566 पॉजिटिव आए मिले हैं। इसी तरह 241 पूल दस-दस नमूनों के बनाए गए थे। इसमें 29 पूल में पॉजिटिविटी मिली है। 

राजस्थान: ​​​​​​​राज्य में गुरुवार को कोरोना के 886 मामले सामने आए। इनमें सबसे ज्यादा जोधपुर में 243, अलवर में 133, जयपुर में 95, पाली में 54, अजमेर में 43, सीकर में 42, बीकानेर और कोटा में 41-41, भरतपुर में 36, नागौर में 28 मामले सामने आए। इसके साथ कुल पॉजिटिव का आंकड़ा 33220 पहुंच गया। वहीं, 11 लोगों की मौत भी हो गई। इनमें अलवर और बीकानेर में 3-3, पाली में 2, नागौर, जालौर और जोधपुर में 1-1 की मौत हो गई। जिसके बाद मौत का कुल आंकड़ा 594 पहुंच गया। 

उधर, प्रदेश में लाॅकडाउन के कारण 4 माह से बंद पब्लिक ट्रांसपोर्ट गुरुवार से फिर पटरी पर लौटेगा। जयपुर और जोधपुर सहित प्रदेशभर में सिटी बसों के संचालन को गृह विभाग ने अनुमति दे दी। बुधवार को जारी आदेश के अनुसार यात्रा से पहले व बाद में बसों काे सैनिटाइज करना अनिवार्य होगा। सोशल डिस्टेंसिंग की पालना के अलावा यात्री, कंडक्टर और ड्राइवर के लिए मास्क जरूरी होगा। वरना कड़ी कार्रवाई होगी।

बिहार: गुरुवार को राज्य में 1625 नए संक्रमित मिले। इनमें 21 जुलाई को 908 जबकि 22 जुलाई को मिले 717 कोरोना मरीज शामिल हैं। जिसके बाद राज्य में एक्टिव केस की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई। गुरुवार को जदयू विधान पार्षद मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव समेत चार लोग कोरोना से जंग में हार गए।

इधर उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के आप्त सचिव शैेलेंद्र कुमार ओझा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं भागलपुर के कमिश्नर वंदना प्रेयसी का एम्स में इलाज शुरू कर दिया गया है। उनकी हालात स्थिर बताई जा रही है। 

प्रदेश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बुधवार तक 30066 था जो 1625 नए संक्रमित मिलने के साथ ही 31691 पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दो दिन में 10120 सैंपल की जांच में 1625 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1083 लोग ठीक हुए हैं। अब तक 20959 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं